धन-धन भाई मंझ जी से आज निकलेगा महान नगर कीर्तन • 8 को मुख्य समागम में सजाए जाएंगे विशेष कीर्तन दीवान

8 को मुख्य समागम में सजाए जाएंगे विशेष कीर्तन दीवान

श्रीगंगानगर। पदमपुर रोड अमृत विहार कॉलोनी में स्थित गुरुद्वारा धन-धन भाई मंझ जी के सालाना समागम एवं भाई मंझ जी को समर्पित कार्यक्रमों में शुक्रवार दोपहर 12.30 बजे पंज प्यारों की अगुवाई में महान नगर कीर्तन निकाला जाएगा, जो गुरुद्वारा साहिब के आसपास की कालोनियों में परिक्रमा करते हुए शाम को वापस गुरुद्वारा साहिब में पंहुचेगा। गुरुद्वारा के मुख्य सेवादार भाई नौनिहाल सिंह ने बताया कि नगर कीर्तन में रणजीत नगारा अखाड़ा गतका पार्टी के संचालक भाई जसवंत सिंह के नेतृत्व में गतका की युवा टीम द्वारा हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन किया जाएगा। नगर कीर्तन में श्री सुखमनी साहिब सेवा सोसायटी व स्त्री सत्संग सभा की महिला सदस्य विशेष रूप से शामिल होंगे। इनके अलावा पदमपुर रोड स्थित ‘रायसन’ स्कूल के बच्चे भी समागम में सेवाएं देंगे। नगर कीर्तन के रास्ते में गुरुनानक नाम लेवा संगत की ओर से जगह जगह पुष्प वर्षा द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा।

गुरूवार सुबह निशान साहिब के चोले की सेवा, शाम को वाहेगुरु सिमरन को दिया विश्राम

गुरुद्वारा साहिब से जुड़े अर्शदीप सिंह ने बताया कि वीरवार सुबह श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के समक्ष अरदास के उपरांत सेवादार भाई रणजीत सिंह ने निशान साहिब का चोला बदलने की सेवा की तथा शाम को गुरुद्वारा साहिब में पिछले चार दिन से चल रहे वाहेगुरु सिमरन कीर्तन दीवान को विश्राम दिया गया। उसके उपरांत गुरु का अटूट लंगर बरताया गया।

8 को सजाए जाएंगे विशेष कीर्तन दीवान

गुरूद्वारा के हैड ग्रंथी भाई जतिंदर सिंह ने बताया कि 8 फरवरी, रविवार को आयोजित मुख्य समागम में सुबह 10.30 बजे गुरुद्वारा साहिब में चल रही 13 श्री अखंड पाठ साहिब की लड़ी के भोग उपरांत सुबह 11 बजे से 2 बजे तक आलौकिक कीर्तन दरबार सजाए जाएंगे, जिसमें बीबी सिमरन कौर (लुधियाना, पंजाब), रागी जत्था भाई जगशेर सिंह (गुरुद्वारा बुड्ढा जोहड़), ढाडी जत्था भाई जसविंदर सिंह जोश (निर्मला, पंजाब) सहित हुजूरी रागी जत्था भाई नौनिहाल सिंह व भाई जीत सिंह कीर्तन द्वारा संगत को निहाल करेंगे। उन्होंने बताया कि इस दौरान रक्तदान एवं रक्त जांच शिविर भी लगाया जाएगा। समागम के उपरांत गुरू का अटूट लंगर बरताया जाएगा। समागम को लेकर सेवादार अर्शदीप सिंह, जुझार सिंह, मनदीप सिंह ‘टिंकू’ लुधियाना वाले, ‘सिमरजीत सिंह व जसवीर सिंह सहित गुरु घर से जुड़े कई सेवादारों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

ये रहेगा नगर कीर्तन का रूट

गुरुद्वारा साहिब के मुख्य सेवादार नौनिहाल सिंह ने बताया कि नगर कीर्तन शुक्रवार दोपहर 12.30 बजे पदमपुर रोड स्थित गुरुद्वारा धन धन भाई मंझ जी से आरम्भ होकर पार्क एवेन्यू, गुलाबी बाग, मैट्रो सिटी, ग्रीन वैली, राजा बाग, शालीमार बाग, कुंज विहार, अम्बिका एन्कलेव (प्रथम) से ग्रीन एस्टेट से होते हुए शाम को वापिस गुरुद्वारा साहिब पहुंचेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!