रायसिंहनगर में तिरंगे के साए में देशभक्ति का जश्न, ग्राम पंचायत संविदा कोठी में धूमधाम से मना 76वां गणतंत्र दिवस

गोगा देवी, रायसिंहनगर

रायसिंहनगर क्षेत्र की ग्राम पंचायत संविदा कोठी में 26 जनवरी को भारत का 76वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के जज़्बे के साथ मनाया गया। कार्यक्रम स्थल सुबह से ही तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया, जहां देशप्रेम और संविधान के प्रति सम्मान साफ झलक रहा था।कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण से हुई, जिसके बाद परेड और बच्चों की देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को भावुक और गर्व से भर दिया।

देशभक्ति गीतों और नृत्य प्रस्तुतियों पर मौजूद ग्रामीणों और अतिथियों ने जमकर तालियां बजाईं।इस गरिमामय समारोह में मुख्य अतिथि नायब तहसीलदार शैलेंद्र एवं थाना अधिकारी कृष्ण कुमार मौजूद रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में कुलदीप बाली, धनराज पूनिया, महिला कांग्रेस सेवा दल की जिला अध्यक्ष गोगा देवी नायक, पूर्व सरपंच हेतराम, सुरेंद्र बाली और भामाशाह तीरथ सिंह की उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

कार्यक्रम के दौरान भामाशाह तीरथ सिंह ने ग्राम अस्पताल के लिए डी-फ्रीज दान कर समाजसेवा की मिसाल पेश की, जिसकी सभी ने सराहना की।वहीं महिला कांग्रेस सेवा दल जिला अध्यक्ष गोगा देवी नायक ने अपने संबोधन में महिलाओं की समस्याओं, उनके अधिकारों और सशक्तिकरण को लेकर प्रभावशाली तरीके से अपनी बात रखी।समारोह के अंत में मुख्य अतिथियों और भामाशाह का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसने पूरे माहौल को देशभक्ति की भावना से भर दिया।

संविदा कोठी में मनाया गया यह गणतंत्र दिवस समारोह न सिर्फ एक आयोजन था, बल्कि संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक जिम्मेदारी का जीवंत संदेश भी था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!