पद्मश्री की घोषणा से श्रीगंगानगर गौरवान्वित, स्वामी ब्रह्मदेव से मिलीं कलेक्टर–एसपी, बुके भेंट कर दीं शुभकामनाएं

श्रीगंगानगर।श्री जगदंबा अंध विद्यालय के संस्थापक स्वामी ब्रह्मदेव को भारत सरकार द्वारा पद्मश्री सम्मान दिए जाने की घोषणा के बाद श्रीगंगानगर जिले में गर्व और खुशी का माहौल है। इसी क्रम में मंगलवार को जिला कलक्टर डॉ. मंजू और जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने स्वामी ब्रह्मदेव से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान की बधाई दी और बुके भेंट कर सम्मानित किया।जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने कहा कि स्वामी ब्रह्मदेव को पद्मश्री सम्मान की घोषणा पूरे श्रीगंगानगर जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि स्वामीजी ने वर्षों से विशेष योग्यजनों, विशेषकर दृष्टिबाधित बच्चों के कल्याण के लिए निरंतर समर्पित भाव से कार्य किया है, जिससे असंख्य बच्चों और परिवारों का जीवन बदला है। उनका सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणा है और आने वाली पीढ़ियों को मार्गदर्शन देने वाला है।पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने भी स्वामी ब्रह्मदेव को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्ग के लिए निस्वार्थ भाव से किया गया कार्य ही सच्ची सामाजिक सेवा है। ऐसे सेवाभावी व्यक्तित्वों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलना जिले और प्रदेश दोनों के लिए सम्मान की बात है।मुलाकात के दौरान जगदंबा अंध विद्यालय के पदाधिकारियों ने जिला कलक्टर को विद्यालय की कार्यप्रणाली, शैक्षणिक गतिविधियों और विशेष योग्यजनों के लिए संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार विद्यालय वर्षों से बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है।इस अवसर पर अंध विद्यालय के स्वामी नित्यानंद, प्रशिक्षु आईएएस श्रीमती अदिति यादव, श्रीमती रंजना सेठी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!