श्रीगंगानगर जिले के सादुलशहर कस्बे में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब वार्ड नंबर-1 में एक विधवा महिला अपने देवर के साथ पानी की टंकी पर चढ़ गई। मामला प्लॉट विवाद और कथित कब्जे से जुड़ा बताया जा रहा है। ऊंची टंकी पर खड़े दोनों की हालत देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।घटना की सूचना मिलते ही सादुलशहर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए महिला व उसके देवर से नीचे उतरने की अपील शुरू की। पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार समझाइश की जा रही है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, महिला के पति की कुछ समय पहले मौत हो चुकी है। मृतक पशुओं के कारोबार से जुड़ा हुआ था और उसके नाम पर वार्ड-1 में एक प्लॉट दर्ज था। आरोप है कि दो दिन पहले दर्जनभर लोगों ने प्लॉट पर जबरन कब्जा कर लिया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि यह पूरा मामला रुपयों के लेन-देन से जुड़ा हुआ है।महिला और उसका देवर टंकी पर चढ़कर कब्जा हटाने और प्लॉट वापस दिलाने की मांग कर रहे हैं। दोनों का कहना है कि बार-बार गुहार लगाने के बावजूद उनकी सुनवाई नहीं हुई, जिसके चलते उन्हें यह खतरनाक कदम उठाने पर मजबूर होना पड़ा।फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से बातचीत कर रही है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि कानूनी तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी और पीड़ित को न्याय दिलाने का हर संभव प्रयास होगा।घटना के चलते क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है, वहीं लोग प्रशासन से तत्काल और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
