
अबोहर, 29 जनवरी : शहर के प्रमुख मलोट चौक पर आवारा पशुओं की बढ़ती संख्या ने आमजन की परेशानी बढ़ा दी है। दिनभर सड़कों पर घूमते आवारा पशु न सिर्फ़ यातायात को बाधित कर रहे हैं, बल्कि राहगीरों और वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। बावजूद इसके नगर निगम इस गंभीर समस्या के समाधान में पूरी तरह नाकाम नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मलोट चौक पर आए दिन आवारा गायों व सांडों के कारण जाम की स्थिति बनी रहती है। कई बार दोपहिया वाहन चालक इन पशुओं से टकराकर घायल हो चुके हैं, वहीं स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रात के समय स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है, जब सड़क पर बैठे पशु हादसों को न्योता देते हैं। क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि नगर निगम को कई बार शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। न तो पशुओं को पकड़ने की व्यवस्था की गई है और न ही गोशालाओं में भेजने का कोई स्थायी समाधान निकाला गया है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा पशुओं की समस्या को गंभीरता से लेते हुए तुरंत प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले हालात काबू में आ सकें। अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो जनता को आंदोलन का रास्ता अपनाने पर मजबूर होना पड़ेगा।
